तखतपुर। देश के गौरव और अस्मिता के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का एक दुखद मामला तखतपुर नगर पालिका परिषद से सामने आया है। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह के दौरान, प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण तिरंगा फहराते समय नीचे फिसल गया। इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और उपस्थित जनसमूह की भावनाएं आहत हुईं।
क्या है पूरा मामला?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर पालिका कार्यालय में ध्वजारोहण की प्रक्रिया चल रही थी। जैसे ही मुख्य अतिथि ने रस्सी खींची, तकनीकी खामी और रस्सी की सही पकड़ न होने के कारण राष्ट्रध्वज बीच में ही फिसलकर नीचे आ गया। इस अप्रत्याशित घटना ने नगर पालिका की तैयारियों और जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारी की गंभीरता की पोल खोलकर रख दी।
प्रशासन की उदासीनता उजागर
राष्ट्रीय पर्व जैसे संवेदनशील आयोजनों के लिए पूर्व-निरीक्षण (Rehearsal) और पुख्ता इंतजाम अनिवार्य होते हैं। इसके बावजूद ध्वज को सही ढंग से न बांधना अधिकारियों की लापरवाही दर्शाता है।
सुरक्षा में चूक: इतने बड़े आयोजन में तकनीकी जांच न करना प्रशासन की उदासीनता को स्पष्ट करता है।
आनन-फानन में सुधार: – घटना के बाद कर्मचारियों ने तिरंगे को दोबारा सम्मानपूर्वक फहराया, लेकिन तब तक नगर पालिका की साख को गहरा आघात लग चुका था ! यदि राष्ट्रीय पर्व पर भी प्रशासन इतनी गैर-जिम्मेदारी दिखाएगा, तो आम दिनों में व्यवस्थाओं की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है।
इस शर्मनाक चूक ने न केवल स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा की है, बल्कि इसे राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अपमान के रूप में देखा जा रहा है। अब क्षेत्र में यह चर्चा का विषय है कि क्या जिम्मेदार व्यक्ति पर कोई ठोस कार्रवाई होगी, या फिर हर बार की तरह मामला फाइलों में ही दब जाएगा।
देखे वीडियो :–