बिलासपुर: जिले में खनिजों के अवैध खेल को रोकने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। कलेक्टर के सख्त निर्देश और खनिज विभाग के उप संचालक के मार्गदर्शन में पिछले तीन दिनों (23 से 25 मार्च) तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 01 जेसीबी, 03 हाइवा और 10 ट्रैक्टर ट्रालियों सहित कुल 14 वाहनों को जप्त किया गया है।
खनिज अमले ने जिले के काठकोनी, देवरीखुर्द, खम्हरिया, सकरी, निरतु, सेंदरी, मंगला, तुरकाडीह, लोखंडी, दर्रीघाट, लावर, जयरामनगर, कोटा, करही कच्छार और पहन्दा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में घेराबंदी की।

मिट्टी का अवैध खेल:- खम्हरिया क्षेत्र में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए 01 जेसीबी और 01 ट्रैक्टर ट्राली रंगे हाथों पकड़ी गई। वहीं, सकरी क्षेत्र में मिट्टी-ईंट का अवैध परिवहन करते 02 ट्रैक्टर ट्राली जप्त किए गए।

गिट्टी और रेत पर नकेल:- जयरामनगर में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 03 हाइवा और 01 ट्रैक्टर को पकड़ा गया। सेंदरी, करही कच्छार, पहँदा और लोफण्डी क्षेत्रों से रेत का अवैध परिवहन करते कुल 06 ट्रैक्टर ट्रालियों को जप्त किया गया।

पुलिस थानों के सुपुर्द किए गए वाहन – जप्त किए गए सभी 14 वाहनों को संबंधित थानों और चौकियों की अभिरक्षा में दे दिया गया है। इनमें कोनी थाना, कोटा थाना, केंदा सहायता केंद्र और लावर जांच चौकी शामिल हैं। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध भण्डारण और परिवहन पर यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी