Bilaspur ki Bhadas

मछली का शिकार करने उतरा युवक खुद बना ‘करंट’ का शिकार: सुरीघाट में दर्दनाक मौत

तखतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुरीघाट में रविवार को एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। नदी में बिजली का करंट लगाकर मछली पकड़ने की कोशिश एक युवक के लिए काल बन गई। मछली मारने के फेर में युवक खुद ही अपने बिछाए मौत के जाल (करंट) की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

हादसे का शिकार: 35 वर्षीय मयाराम केवट :-
मृतक की पहचान सुरीघाट निवासी मयाराम केवट (35 वर्ष) के रूप में हुई है। चश्मदीदों और ग्रामीणों के अनुसार, मयाराम नदी के पानी में बिजली प्रवाहित कर मछलियाँ पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पानी में फैले जबरदस्त करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट इतना तेज था कि युवक को संभलने या बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला।

अवैध ‘करंट’ का कारोबार: मौत को खुला निमंत्रण :-
सुरीघाट और आसपास के नदी-नालों में अवैध रूप से करंट लगाकर मछली पकड़ना एक जानलेवा शौक बनता जा रहा है। ग्रामीण इस बात से आक्रोशित हैं कि बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन की आंखों के सामने यह खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है।ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल मछली पकड़ने वालों के लिए नहीं, बल्कि नदी किनारे निस्तारी करने वाले मवेशियों और मासूम बच्चों के लिए भी हर वक्त जान का खतरा बना रहता है।

प्रशासनिक सुस्ती पर उठे सवाल :-
हादसे की सूचना मिलने पर तखतपुर पुलिस मौके पर पहुँची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच की बात तो कह रही है, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन किसी और बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है? क्षेत्र में कानून का भय खत्म होने की वजह से ही लोग जान जोखिम में डालकर ऐसे अवैध कृत्यों को अंजाम दे रहे हैं।

Leave a Comment