Bilaspur ki Bhadas

खाद वितरण में खेल:-स्टॉक में हेराफेरी पर तखतपुर की दो दुकानें सील, 21 दिन तक नहीं बेच पाएंगे उर्वरक

बिलासपुर। तखतपुर विकासखंड में खाद वितरण में चल रही गंभीर धांधली का भंडाफोड़ हुआ है। कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान दो खाद दुकानों में स्टॉक और पीओएस (POS) मशीन के रिकॉर्ड में भारी विसंगति पकड़ी है। अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों केंद्रों की बिक्री पर 21 दिनों का कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है।

मशीन में यूरिया, मौके पर गोदाम खाली :-
जांच के दौरान मेसर्स अमन कृषि केंद्र में रिकॉर्ड की बड़ी बाजीगरी सामने आई। मशीन के रिकॉर्ड में 1679 बोरी यूरिया दर्ज दिखाई गई, लेकिन जब भौतिक सत्यापन किया गया तो मौके पर स्टॉक नदारद मिला। वहीं, मेसर्स किसान सेवा केंद्र में मशीन में 750 बोरी दर्ज थी, जबकि मौके पर केवल 550 बोरी मिली। यहाँ 200 बोरी का स्टॉक बिना मशीन एंट्री के रखा गया था। दोनों ही केंद्रों पर स्टॉक रजिस्टर भी संधारित नहीं पाया गया।

अधिकारियों की कार्रवाई का विवरण :-
उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद-बीज की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों के हक पर डाका डालने वाले केंद्रों के खिलाफ ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर फिलहाल 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगाया गया है।
वही पी.डी. हथेश्वर, उप संचालक कृषि
कलेक्टर के निर्देश पर सख्त निगरानी के आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी विक्रेताओं को स्टॉक और रेट लिस्ट बोर्ड पर प्रदर्शित करना अनिवार्य है।
वही बिना मशीन एंट्री के खाद बेचना अवैध माना जाएगा।
जिले के अन्य विकासखंडों में भी उड़नदस्ता दल लगातार निरीक्षण करेगा।

कार्रवाई से मचा हड़कंप:-

तखतपुर क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई से खाद विक्रेताओं और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित मूल्य पर ही खाद खरीदें और रसीद अवश्य प्राप्त करें।

Leave a Comment