तखतपुर। (परमेश्वर ठाकुर) तखतपुर नगर के वेलकम गेट के पास स्थित ‘वीरू ढाबा’ में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब पीने आए दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के युवकों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक-दूसरे पर लोहे की रॉड और भारी पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में कई युवकों को गंभीर चोटें आने की आशंका है।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद :-
मिली जानकारी के अनुसार, वेलकम गेट के पास स्थित वीरू ढाबा में दोनों गुटों के युवक शराब पीने के लिए बैठे थे। इसी दौरान किसी पुरानी रंजिश या टेबल पर बैठने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज से शुरू हुई बात लात-घूसों और फिर हथियारों तक पहुंच गई।
मूकदर्शक बना रहा ढाबा संचालक :-
चश्मदीदों के मुताबिक जब दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे के खून के प्यासे हो रहे थे और वीरू ढाबा जंग का मैदान बना हुआ था, तब ढाबा संचालक ने बीच-बचाव करने की ज़रा भी ज़हमत नहीं उठाई। ढाबा संचालक और वहां मौजूद स्टाफ डर के मारे पीछे हट गए और पूरे मामले को सुलझाने के बजाय मूकदर्शक बनकर केवल तमाशा देखते रहे।
इलाके में दहशत का माहौल।
सड़क किनारे और ढाबे पर सरेआम हुई इस गुंडागर्दी के बाद वेलकम गेट के आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी आक्रोश है कि ढाबों पर देर रात तक अवैध रूप से शराब पिलाने और हुड़दंग मचाने की छूट आखिर क्यों दी जा रही है।
फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच और ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगालने की तैयारी कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।