बिलासपुर:- (परमेश्वर ठाकुर) कहते हैं प्यार अंधा होता है, और जब इस अंधे प्यार में बेवफाई का तड़का लग जाए तो दास्तान सीधे थाने की चौखट पर जाकर खत्म होती है। बिलासपुर से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 23 वर्षीय छात्रा को अपने ही स्कूल के पुराने दोस्त से दिल लगाना बेहद भारी पड़ गया। जिस प्रेमी ने कभी साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, उसने दो साल तक अपनी हवस मिटाने के बाद शादी के मंडप से अपने कदम पीछे खींच लिए हैं।

टूर पर हुआ था प्यार का इकरार :-
मामला सिविल लाइन पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता और पडरिया-तखतपुर के रहने वाले आरोपी गौरव (पिता कन्हैया) की जान-पहचान स्कूल के दिनों से थी। दोस्ती का यह सिलसिला तब प्यार में बदला जब दोनों स्कूल की तरफ से अमरकंटक टूर पर गए थे। वादियों की खूबसूरती के बीच गौरव ने छात्रा के सामने अपने प्यार का इजहार किया। छात्रा भी उसके इस झांसे में आ गई और अपना दिल हार बैठी।
शादी का झांसा देकर दो साल तक किया ‘दैहिक शोषण’ :-
बेवफाई की असली स्क्रिप्ट 25 जुलाई 2024 को लिखी गई। तखतपुर के निकट ग्राम परडरिया निवासी गौरव अपनी इस कथित प्रेमिका को बहला-फुसलाकर ‘गौरी गणेश कॉलोनी’ स्थित अपने घर ले गया। वहां उसने शादी का पवित्र वादा किया और छात्रा की मर्जी के बिना उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
प्यार के नशे और शादी के भरोसे में डूबी छात्रा चुप रही, जिसका फायदा उठाकर गौरव पिछले दो साल तक लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा।
शादी की बात आई तो गांव भागा ‘धोखेबाज’ :-
जब पानी सिर से ऊपर चला गया और पीड़िता ने गौरव पर शादी करने का दबाव बनाना शुरू किया, तो इस ‘आशिक’ के चेहरे से वफादारी का मुखौटा उतर गया। शादी की बात सुनते ही वह टालमटोल करने लगा और अचानक शहर छोड़कर अपने गांव भाग गया।
कानूनी शिकंजा:- अपने साथ हुई इस भयानक बेवफाई और धोखे को छात्रा बर्दाश्त नहीं कर पाई। हार मानकर उसने सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी गौरव के खिलाफ संगीन धाराओं में जुर्म दर्ज कर लिया है और अब पुलिस इस धोखेबाज प्रेमी की तलाश में जुट गई है।